हॉलीवुड एक्ट्रेस एंजेलिना जोली को कॉपी करने वाली सहर तबर कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती

हॉलीवुड एक्ट्रेस एंजेलिना जोली को कॉपी करने के कारण मशहूर हुई यूट्यूबर सहर तबर (असली नाम फातिमा किश्वंद) कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। टेस्ट के बाद उन्हें फिलहाल अस्पताल में वेंट‍िलेटर पर रखा गया है। मूल रूप से सहर तबर ईरान की रहने वाली है। अस्पताल में भर्ती होने से पहले सहर जेल में थीं। वे अपनी ऑनलाइन एक्ट‍िविटीज के कारण जेल में थी और वहीं वे कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई। पहले तो उन्हें जेल से बेल नहीं मिल रही थी। वकील द्वारा काफी मिन्नतों के बाद भी जेल मैनेजमेंट सहर को बेल पर छोड़ने को तैयार नहीं थे। लेकिन जब सहर की हालत बहुत बिगड़ गई तो उन्हें अस्पताल में एडमिट किया गया।

ईरान की लोकल न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक सहर को अक्टूबर 2019 में गिरफ्तार किया गया था। उनपर हिंसा भड़काने, अनुच‍ित साधनों से पैसे कमाने और युवाओं को भ्रष्टाचार के लिए प्रोत्साहित करने का आरोप लगा था। बाद में तेहरान के गाइडेंस कोर्ट ने सहर को हिरासत में लेने का फैसला सुनाया। गिरफ्तारी के बाद उनका सोशल अकाउंट बंद कर दिया गया है।

सहर सबसे पहले 2017 में चर्चा में आई थी। एंजेलिना जैसा दिखने के चक्कर में सहर ने कई बार प्लास्ट‍िक सर्जरी करवाई जिस वजह से उनके चेहरे का पूरा नक्शा ही बदल गया। एक तरफ उन्होंने अपना असली चेहरा खो दिया तो दूसरी तरफ एंजेलिना जैसा भी नहीं बन पाई। उनका चेहरा काफी बिगड़ गया। उन्हें लोग एंजेलिना जोली का जोंबी लुक भी कहते हैं।