अजय देवगन ने ‘क्राइम पेट्रोल’ के लिए ली 90 करोड़ फीस, सलमान खान की कमाई अब भी बहुत ज्यादा

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने टीवी की दुनिया में होस्ट के तौर पर कदम रखा है। वह सोनी टीवी के चर्चित शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन को होस्ट करते नजर आ रहे हैं। शो सोनी लिव पर भी स्ट्रीम हो रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन ने इस सीजन के 15 एपिसोड के लिए मेकर्स के साथ करीब 90 करोड़ रुपये की डील साइन की है।

इस हिसाब से देखें तो अजय देवगन की टीवी होस्टिंग फीस काफी बड़ी है। हालांकि, छोटे पर्दे पर होस्टिंग से कमाई के मामले में वह अभी भी सलमान खान और अमिताभ बच्चन से पीछे हैं।

15 एपिसोड के लिए 90 करोड़ की फीस

रिपोर्ट के अनुसार, ‘क्राइम पेट्रोल’ का यह सीजन 15 एपिसोड का होगा। इसमें देश के कुछ चौंकाने वाले क्राइम केस दिखाए जाएंगे। इसी सीजन की मेजबानी के लिए अजय देवगन को 90 करोड़ रुपये की फीस मिलने की बात कही गई है।

अजय फिल्मों में लंबे समय से एक्शन और क्राइम से जुड़े किरदारों के लिए पहचाने जाते हैं। अब पहली बार उन्हें एक क्राइम-बेस्ड टीवी शो की मेजबानी करते हुए देखा जा रहा है।

सलमान खान की फीस अजय से ज्यादा

टीवी होस्टिंग की कमाई की बात करें तो सलमान खान अभी भी अजय देवगन से आगे बताए जा रहे हैं। सलमान खान साल 2010 से ‘बिग बॉस’ की मेजबानी कर रहे हैं। शुरुआती दौर में उनकी फीस करीब 2.5 करोड़ रुपये प्रति एपिसोड बताई गई थी। समय के साथ शो की लोकप्रियता और सलमान की फीस दोनों में बढ़ोतरी हुई।

रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बिग बॉस 20’ के पूरे सीजन के लिए सलमान खान को करीब 250 करोड़ रुपये तक मिल सकते हैं। वहीं अमिताभ बच्चन ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के एक एपिसोड के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की फीस लेते हैं।
फिल्मों में भी व्यस्त हैं अजय देवगन

अजय देवगन के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्हें हाल ही में ‘धमाल 4’ में देखा गया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया। अब उनकी अगली चर्चित फिल्मों में ‘दृश्यम 3’ शामिल है।

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। अब इस सीरीज की तीसरी और आखिरी कड़ी का इंतजार किया जा रहा है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है।