‘गुल्ली बॉय’ के बाद ‘ओशो’ में दिखायी दे सकते हैं ‘सिम्बा’

गत वर्ष के अन्त में प्रदर्शित हुई रणवीर सिंह स्टारर ‘सिम्बा’ अभी तक बॉक्स ऑफिस पर लगातार सफलता प्राप्त कर रही है। यह फिल्म 230 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है। रोहित शेट्टी के करियर की यह पहली ऐसी फिल्म बनी है जिसने इतना बड़ा कारोबार किया है। रणवीर सिंह की यह दूसरी ऐसी फिल्म है जिसने इस तरह से बॉक्स ऑफिस को हिलाया है।

आगामी माह रणवीर सिंह एक बार फिर से दर्शकों के सामने ‘गुल्ली बॉय’ में आ रहे हैं। इस फिल्म में उन्होंने मुंबई के लोकल रैपर नावेद की भूमिका अभिनीत की है। इस फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर कर रही हैं। ‘गुल्ली बॉय’ के बाद रणवीर सिंह ‘83’ की शूटिंग शुरू करेंगे जो कबीर खान के निर्देशन में बन रही है। इस फिल्म के बाद रणवीर सिंह किस फिल्म में नजर आएंगे अब बॉलीवुड के गलियारों में उस फिल्म की चर्चा हो रही है।

कहा जा रहा है कि रणवीर सिंह ‘83’ में क्रिकेटर कपिल देव की भूमिका निभाने के बाद ओशो बायोपिक में भी दिखाई देंगे। ओशो की बायोपिक के लिए अभी सितारों का चयन किया जा रहा है। पहले कहा जा रहा था कि इस फिल्म में आमिर खान ओशो की भूमिका निभाते नजर आएंगे। लेकिन आमिर इस फिल्म को नहीं कर पा रहे हैं और निर्माताओं ने अब रणवीर सिंह को इस भूमिका के लिए अप्रोच किया है। हालांकि अभी तक इस फिल्म की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, इसके चलते इसकी स्टार कास्ट को फाइनल करने में थोड़ा वक्त लगेगा। अब देखने वाली बात यह है कि अपनी ऊर्जा के लिए बॉलीवुड में एक विशेष पहचान बनाने वाले रणवीर सिंह यदि ओशो की भूमिका में नजर आते हैं तो वे उसे किस अंदाज में अभिनीत करेंगे।