एक्टर और फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान (KRK) को मलाड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विवादों में रहने वाले KRK के खिलाफ मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई 2020 के एक विवादित ट्वीट पर की गई है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें मंगलवार को बोरीवली कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ऐसा पहली बार नहीं है जब कमाल राशिद खान अपने किसी ट्वीट को लेकर मुश्किलों में फंसे हैं। वे अक्सर विवादित ट्वीट्स को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। कमाल राशिद खान बेबाकी से बॉलीवुड के तमाम बड़े सितारों में निशाना साधते रहते हैं। वे अपने ट्वीट्स में बॉलीवुड के सुपरस्टार्स सलमान खान से लेकर शाहरुख खान को बुरा-भला बोल चुके हैं। केआरके पहले भी अपने ट्वीट को लेकर मानहानि के कानूनी पचड़े में फंस चुके हैं। बॉलीवुड के दबंग एक्टर सलमान खान ने उनपर मानहानि का केस किया था। केआरके ने सलमान की फिल्म राधे का निगेटिव रिव्यू किया था और साथ में उन्होंने सलमान पर पर्सनल अटैक भी किया था। इस कारण सलमान ने केआरके के खिलाफ कानूनी कार्यवाई की थी।