प्यूबिक हेयर हटाना पूरी तरह व्यक्तिगत पसंद का मामला है। कुछ लोग शेविंग को अपनी पर्सनल ग्रूमिंग का हिस्सा मानते हैं, जबकि कुछ लोग बालों को प्राकृतिक रूप से रखना पसंद करते हैं। अगर कोई व्यक्ति प्यूबिक एरिया को शेव करने का विकल्प चुनता है, तो इस संवेदनशील हिस्से की त्वचा को ध्यान में रखते हुए सही तरीका अपनाना जरूरी है।
डॉक्टर वैदेही मराठे के अनुसार, जल्दबाजी में शेविंग करने, पुराने या गंदे रेजर का इस्तेमाल करने और त्वचा पर अधिक दबाव डालने से जलन, कट या दूसरी परेशानियां हो सकती हैं। कुछ आसान सावधानियों के साथ शेविंग को अधिक सुरक्षित तरीके से किया जा सकता है।
शेविंग से पहले रेजर की जांच करेंइंटिमेट एरिया के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला रेजर साफ और अच्छी स्थिति में होना चाहिए। पुराना रेजर त्वचा पर ज्यादा घर्षण पैदा कर सकता है और शेविंग को असहज बना सकता है। रेजर को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर नहीं करना चाहिए।
इस्तेमाल के बाद रेजर को साफ और सूखी जगह पर रखना चाहिए तथा जरूरत के अनुसार उसे बदलते रहना जरूरी है।
ड्राई स्किन पर सीधे रेजर न चलाएंशेविंग से पहले त्वचा को तैयार करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। डॉक्टर के अनुसार, सूखी त्वचा पर सीधे रेजर इस्तेमाल करने से जलन और छोटे कट लगने की संभावना बढ़ सकती है। इसलिए शेविंग से पहले कुछ देर गुनगुने पानी से उस हिस्से को नरम होने दें।
अगर प्यूबिक हेयर बहुत लंबे हैं, तो साफ कैंची से पहले उनकी लंबाई थोड़ी कम की जा सकती है। इससे रेजर चलाना आसान हो सकता है और उसमें बाल फंसने की संभावना भी कम होती है।
शेविंग जेल से कम करें घर्षणरेजर इस्तेमाल करने से पहले त्वचा पर हल्का और स्किन-सेफ शेविंग जेल लगाया जा सकता है। इससे रेजर को त्वचा पर चलाना आसान होता है और घर्षण कम करने में मदद मिलती है।
बहुत ज्यादा खुशबू वाले या ऐसे प्रोडक्ट्स से बचना बेहतर है, जिनसे त्वचा में इरिटेशन हो सकता है।
बालों की ग्रोथ की दिशा में करें शेवशेविंग करते समय रेजर को बालों के बढ़ने की दिशा में चलाना बेहतर माना जाता है। बालों को बहुत करीब से हटाने के लिए एक ही हिस्से पर बार-बार रेजर चलाने से त्वचा में जलन हो सकती है। इससे बालों के त्वचा के अंदर की ओर बढ़ने की समस्या भी हो सकती है।
इसलिए एक जगह को बार-बार शेव करने के बजाय धीरे-धीरे और सावधानी से काम करना चाहिए।
रेजर पर ज्यादा दबाव डालना सही नहींप्यूबिक एरिया की त्वचा संवेदनशील होती है, इसलिए रेजर को जोर से दबाने की जरूरत नहीं है। हल्के हाथ से धीरे-धीरे शेव करना बेहतर रहता है।
अगर किसी हिस्से पर रेजर आसानी से नहीं चल रहा है या त्वचा खिंच रही है, तो दोबारा रेजर चलाने से पहले वहां थोड़ा शेविंग जेल लगाया जा सकता है।
शेविंग के बाद त्वचा का रखें ध्यानशेविंग पूरी होने के बाद उस हिस्से को साफ पानी से धोकर धीरे से सुखाएं। त्वचा को रगड़कर पोंछने से जलन बढ़ सकती है। जरूरत महसूस होने पर हल्का मॉइस्चराइजर लगाया जा सकता है।
शेविंग के बाद थोड़ी देर के लिए हल्की रेडनेस दिखाई देना संभव है। हालांकि, अगर खुजली, जलन, सूजन या दर्द लगातार बढ़ रहा हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। रेजर बंप्स, इनग्रोन हेयर या इंफेक्शन जैसे लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
अगर शेविंग के दौरान त्वचा कट जाए, तो उस हिस्से को साफ रखें और जब तक कट ठीक न हो जाए, वहां दोबारा शेविंग करने से बचें।