बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं यह बालों के लिए कई परेशानियां भी साथ लेकर आता है। मानसून शुरू होते ही कई लोगों को हेयर फॉल, रूखेपन और फ्रिजी हेयर जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार बालों में हाथ फेरते ही वे टूटने लगते हैं और शैंपू करने के बाद भी उनकी रुखी और बिखरी हुई बनावट बनी रहती है। ऐसे में कोई भी हेयर स्टाइल लंबे समय तक टिक नहीं पाती। दरअसल, हवा में बढ़ी हुई नमी बालों की बनावट को प्रभावित करती है, जिससे उन्हें संभालना मुश्किल हो जाता है। यदि आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो अपने हेयर केयर रूटीन में कुछ जरूरी बदलाव करके बालों को स्वस्थ और मुलायम बनाए रख सकते हैं।
बारिश में बाल ज्यादा फ्रिजी क्यों हो जाते हैं?हमारे बालों की बाहरी परत में सूक्ष्म छिद्र (पोर्स) होते हैं, जो वातावरण से नमी को अवशोषित कर लेते हैं। मानसून के दौरान हवा में नमी का स्तर काफी बढ़ जाता है, जिससे बाल जरूरत से ज्यादा मॉइस्चर सोखने लगते हैं। खासकर यदि बाल पहले से रूखे, डैमेज या बेजान हों, तो वे और अधिक नमी अपने अंदर खींच लेते हैं। इसकी वजह से हेयर क्यूटिकल्स फूल जाते हैं, बाल बिखरे हुए दिखाई देते हैं और उनमें फ्रिजीनेस बढ़ जाती है। यही कारण है कि इस मौसम में बाल सामान्य दिनों की तुलना में अधिक उलझते और कमजोर महसूस होते हैं।
सही शैंपू और कंडीशनर का करें इस्तेमालमानसून में बालों की देखभाल के लिए सही हेयर प्रोडक्ट चुनना बेहद जरूरी है। स्कैल्प को साफ रखना चाहिए ताकि पसीना, धूल और अतिरिक्त तेल जमा न हो सके। यदि बारिश में बाल भीग जाएं तो उन्हें जल्द साफ पानी से धोना बेहतर होता है, क्योंकि बारिश का पानी स्कैल्प के प्राकृतिक pH बैलेंस को प्रभावित कर सकता है। बालों के लिए सल्फेट-फ्री शैंपू का इस्तेमाल करें और हर बार शैंपू के बाद कंडीशनर जरूर लगाएं। इससे बालों में नमी बनी रहती है और फ्रिजीनेस काफी हद तक कम हो जाती है।
बाल सुखाते समय न करें ये गलतियांकई लोग बालों को जल्दी सुखाने के लिए तेज गर्म हवा वाले हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन मानसून में अधिक हीट बालों को और कमजोर बना सकती है। इसी तरह तौलिए से बालों को जोर-जोर से रगड़कर सुखाने से भी हेयर क्यूटिकल्स को नुकसान पहुंचता है और बाल अधिक टूटने लगते हैं। बेहतर होगा कि बालों को माइक्रोफाइबर टॉवल या किसी मुलायम कॉटन टी-शर्ट से हल्के हाथों से सुखाएं। इसके अलावा गीले बालों में कंघी करने से बचें, क्योंकि इस समय बाल सबसे ज्यादा नाजुक होते हैं और आसानी से टूट सकते हैं।
एंटी-फ्रिज प्रोडक्ट्स से करें अतिरिक्त सुरक्षामानसून में बालों को नमी से बचाने के लिए उन पर एक सुरक्षात्मक परत बनाए रखना भी जरूरी है। घर से बाहर निकलने से पहले हल्का एंटी-फ्रिज सीरम या लीव-इन कंडीशनर लगाया जा सकता है, जिससे बालों में स्मूदनेस बनी रहती है और वे कम उलझते हैं। यदि चाहें तो हल्के हेयर ऑयल की कुछ बूंदें भी बालों के सिरों पर लगा सकते हैं। नियमित रूप से सीरम या उपयुक्त हेयर केयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से बालों में चमक बनी रहती है, फ्रिजीनेस कम होती है और टूटने की समस्या पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।