करवाचौथ पर इन आसान तरीकों से मेहंदी का रंग करें गहरा

मेहंदी लगाने से हाथों की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है और मौका अगर करवाचौथ हो तो क्या कहने। करवाचौथ पर मेहंदी लगाना सुहाग की निशानी माना जाता है। बूढी औरते कहती है कि जिसकी मेहंदी जितनी ज्यादा रचती है उसका पति उसे उतना ज्यादा प्यार करता है। ऐसे में हर कोई चाहता है कि उसकी मेंहदी गहरी चढ़े और खूब दिनों तक टिके। मेहंदी का रंग जितना गहरा होता है, उसकी खूबसूरती उतनी ही ज्यादा बढ़ जाती है। अगर मेहंदी का रंग गहरा न हो, तो खूबसूरत से खूबसूरत डिजाइन भी उभरकर नहीं आता। तो चलिए आज हम आपको बताते है कि मेहंदी का रंग गहरा कैसे करें?

- मेहंदी लगाने के बाद उसको कम से कम आठ घंटों के लिए लगा रहने दें। आप इसे 12 घंटों तक भी लगा रहने दे सकते हैं। वहीं, इसे निकालते समय पानी से धोने के बजाय हथेलियों को आपस में रगड़कर उतारें। ऐसा तब तक करें, जब तक कि मेंहदी पूरी तरह से न निकल जाए। ऐसा करने से आपको कुछ ही घंटों में असर दिखने लगेगा और आपको मेहंदी का रंग गहरा नजर आने लगेगा।

- मेहंदी का रंग गहरा करने के लिए आप नींबू-चीनी की भी मदद ले सकते है। नींबू-चीनी का रस मेहंदी का रंग काला करने का एक आसान तरीका है। थोड़ी-सी चीनी को पानी में डालकर उबाल लें और ठंडा होने के लिए छोड़ दें। अब इस मिश्रण को एक बाउल में निकाल लें और नींबू के रस की कुछ बूंदें इसमें मिलाएं। फिर इस मिश्रण को मेहंदी सूखने के बाद लगाएं। जहां, चीनी मेहंदी को त्वचा पर देर तक लगा रहने में मदद करती है, वहीं नींबू का रस मेहंदी के रंग को गहरा करने का काम करता है। जब मेहंदी सूखने लगे, तो इसे देर तक लगा रहने के लिए भी हर कुछ देर में नींबू-चीनी का रस लगा सकते हैं, ताकि मेहंदी देर तक आपके हाथों में चिपकी रहे और उसका गहरा काला रंग अच्छी तरह चढ़ जाए।

- वही आप मेंहदी सूख जाने पर लौंग का धुंआ लेने से भी गहरी चढ़ती है। 4 से 5 लौंग की कलियों को तवे पर गर्म करें। जब धुंआ आने लगे तो हाथों को ऊपर रखें। धुएं की वजह से रंग गहरा होगा। लेकिन ध्यान रहे कि आपका हाथ न जले।

- हड्डियों के दर्द को खत्म करके के साथ-साथ बाम आपके हाथों की मेहंदी का रंग भी गहरा कर सकता है। दुल्हनें अपनी मेहंदी के रंग को गहरा करने के लिए मेंहदी पर विक्स या टाइगर बाम लगाती है। लोगों का मानना है कि बाम लगाने से मेहंदी का रंग गहरा हो सकता है और रंग त्वचा की गहराई तक जाता है।

यह तो बात हुई मेहंदी का रंग गहरा करने की बात लेकिन मेहंदी लगाते वक्त कुछ बातों का भी विशेष ध्यान रखना पड़ता है। जैसे कि...

- मेहंदी हटाने के बाद अपने हाथ को साबुन या साबुन के पानी से न धोएं।

- मेंहदी लगाने के बाद अपने हाथों को शेव न करें, क्योंकि इससे आपकी त्वचा की ऊपरी परत छिल सकती है और मेहंदी भी खराब हो सकती है।

- मेहंदी निकलने के तुरंत बाद अपने हाथों को न धोएं कम से कम 6-8 घंटे तक पानी न लगाए

- चीनी और नींबू के मिश्रण का उपयोग जरूरत से ज्यादा न करें, वरना मेहंदी गहरे भूरे रंग में बदल जाएगी।

- अपने हाथों और पैरों की मेहंदी को जल्दी सूखाने के लिए ब्लो ड्रायर का उपयोग न करें।