दिवाली स्पेशल : शुभफल देता है घर की दिशा के अनुसार रंगोली के डिजाईन और रंगों का चुनाव

कार्तिक माह की अमावस्या को दिवाली का पावन पर्व मनाया जाता हैं। यह दिन सत्य और धर्म की जीत के लिए जाना जाता हैं। इस दिन सभी अपने घर को सजाते है और माता लक्ष्मी के आगमन की तैयारी करते हैं ताकि उनके जीवन में कभी भी कष्टों और परेशानियों का स्थान ना रहें। वास्तु के अनुसार घर की सजावट में रंगोली का विशेष महत्व माना जाता हैं जो घर में सकारात्मकता का संचार करते हुए सुख-समृद्धि लेकर आती हैं। अगर रंगोली के डिजाईन और रंगों का चुनाव घर की दिशा के अनुसार किया जाए तो यह और भी ज्यादा शुभफलदायी होती हैं। तो आइये जानते हैं इसके बारे में।

अगर घर हो उत्तर दिशा में

जिन लोगों का घर उत्तर दिशा में बना है। उन्हें इस दीवाली पर पानी के जैसे लहरदार डि़जाइन में ही रंगोली बनानी चाहिए। साथ ही इसे बनाने के लिए नीला, पीला, आसमानी, हरा आदि रंगों का इस्तेमाल करना शुभ होगा। इससे कारोबार व व्यवसाय में लाभ होने के साथ ही जीवन के हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी।

अगर घर हो पूर्व दिशा में

अगर आपका घर पूर्व दिशा में बना है तो ऐसे में आप रंगोली बनाने के लिए लाल, हरा, गुलाबी, पीला व नारंगी रंगों का इस्तेमाल करें। इसके साथ रंगोली को अंडाकार में अपने मुख्य द्वार के सामने बनाएं। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा ही प्रवेश करेगी। साथ ही जीवन की परेशानियां दूर हो आय के नए स्त्रोत बनेंगे। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा।

अगर घर हो पश्चिम दिशा में

घर के पश्चिम दिशा पर होने से गोलाकार में रंगोली बनाना शुभ होगा। साथ ही इसमें रंग भरने के लिए सफेद, पीला, लाल, भूरा, हल्का हरा, सुनहरी आदि रंगों का इस्तेमाल करें। इसके अलावा इस दिशा में पंचकोण के आकार की रंगोली बनाना भी शुभ रहेगी। इससे जीवन में खुशियों का आगमन होने के साथ परेशानियों से छुटकारा मिलेगा। साथ ही तरक्की के रास्ते खुलने से हर जगह से लाभ ही लाभ होगा।

अगर घर हो दक्षिण दिशा में

अगर आपका घर दक्षिण-पूर्व में त्रिकोण एवं दक्षिण मुखी बना है तो ऐसे में आयताकार के डिजाइन की रंगोली बनाएं। साथ ही रंगोली में रंग भरने के लिए गहरा लाल, नारंगी, गुलाबी और बैंगनी रंगों का इस्तेमाल करें। इससे आपका आपके परिवार में आत्मविश्वास बढ़ने में मदद मिलेगी। जीवन में आने वाले संकटों से बचाव रहेगा। साथ ही समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा।