श्राद्ध में इन वस्तुओं का दान दिलवाता है पुण्य, जानें और लाभ उठाये

श्राद्ध पक्ष प्रारंभ हो चुका हैं और माना जाता है कि इन दिनों में मृत पूर्वजों की आत्मा धरती पर आती हैं। पितृ पक्ष या श्राद्ध पक्ष में सभी लोग अपने पितरों के लिए विशेष उपाय करते हैं, जिनसे उनकी आत्मा को संतुष्टि मिलती हैं और आशीर्वाद बना रहता हैं। इन दिनों में दान-पुण्य का भी बड़ा महत्व माना जाता हैं और विभिन्न चीजों के दान से विशेष फल मिलता हैं। इसलिए आज हम आपके लिए जानकारी लेकर आए है कि श्राद्ध पक्ष में किन चीजों का दान किया जाना चाहिए।

* गाय का दान

धार्मिक दृष्टि से गाय का दान सभी दानों में श्रेष्ठ माना जाता है, लेकिन श्राद्ध पक्ष में किया गया गाय का दान हर सुख और धन-संपत्ति देने वाला माना गया है।

* तिल का दान

श्राद्ध के हर कर्म में तिल का महत्व है। इसी तरह श्राद्ध में दान की दृष्टि से काले तिलों का दान संकट, विपदाओं से रक्षा करता है।

* घी का दान

श्राद्ध में गाय का घी एक पात्र (बर्तन) में रखकर दान करना परिवार के लिए शुभ और मंगलकारी माना जाता है।

* अनाज का दान

अन्नदान में गेहूं, चावल का दान करना चाहिए। इनके अभाव में कोई दूसरा अनाज भी दान किया जा सकता है। यह दान संकल्प सहित करने पर मनोवांछित फल देता है।

* भूमि दान

अगर आप आर्थिक रूप से संपन्न हैं तो श्राद्ध पक्ष में किसी कमजोर या गरीब व्यक्ति को भूमि का दान आपको संपत्ति और संतान लाभ देता है। किंतु अगर यह संभव न हो तो भूमि के स्थान पर मिट्टी के कुछ ढेले दान करने के लिए थाली में रखकर किसी ब्राह्मण को दान कर सकते हैं।

* वस्त्रों का दान


इस दान में धोती और दुपट्टा सहित दो वस्त्रों के दान का महत्व है। यह वस्त्र नए और स्वच्छ होना चाहिए।

* सोने का दान


सोने का दान कलह का नाश करता है। किंतु अगर सोने का दान संभव न हो तो सोने के दान के निमित्त यथाशक्ति धन दान भी कर सकते हैं।

* चांदी का दान

पितरों के आशीर्वाद और संतुष्टि के लिए चांदी का दान बहुत प्रभावकारी माना गया है।

* गुड़ का दान


गुड़ का दान पूर्वजों के आशीर्वाद से कलह और दरिद्रता का नाश कर धन और सुख देने वाला माना गया है।

* नमक का दान

पितरों की प्रसन्नता के लिए नमक का दान बहुत महत्व रखता है।