महाशिवरात्रि 2019: पूजा में जरूर शामिल करें ये 6 चीजें, मिलेगा शिवजी का आशीर्वाद

भोलेनाथ को इस सृष्टि का कर्ता-धर्ता माना जाता हैं और वे ही इसके पालनकर्ता है। कुछ दिनों में शिवजी का पर्व महाशिवरात्रि आने वाला है जो कि इस साल 4 मार्च को हैं। महाशिवरात्रि (Mahashivratri 2019) पर सभी भक्तों की कोशिश होती है कि उन्हें प्रसन्न किया जाए और उनका आशीर्वाद पाया जाए। इसके लिए आज हम आपको शिवजी की पूजा में शामिल की जाने वाली उन वस्तुओं के बारे में बताने जा रहे हैं जो उनको प्रसन्न करती हैं। तो आइये जानते है इन चीजों के बारे में और करें पूजा में इनका इस्तेमाल...

* भस्म

भोलेनाथ की पूजा में आप भस्म का प्रयोग कर सकते हैं। भस्म भगवान शिव को बहुत प्रिय है। शिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा में इसे अवश्य रखना चाहिए। व्रतधारी अगर शिवलिंग का भस्म से अभिषेक करते हैं तो उनको दिव्य शक्तियां प्राप्त होती हैं।

* रुद्राक्ष

महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा में आप रुद्राक्ष का प्रयोग कर सकते हैं। शिव तथा रुद्राक्ष एक-दूसरे के पर्याय हैं। रुद्राक्ष की उत्पत्ति भगवान शिव के आंसू से हुई है। पूजा के बाद रुद्राक्ष को घर में रखने से घर का वातावरण शुद्ध होता है।

* बिल्वपत्र

महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा में आप बिल्वपत्र का प्रयोग कर सकते हैं। तीन पत्तियों वाला बिल्वपत्र शिवजी को बहुत प्रिय है। भगवान शिव की पूजा में पहला स्थान इसी पत्र का होता है। माना जाता है कि बिल्वपत्र की तीनों पत्तियां भगवान शिव के तीन नेत्रों का प्रतिक है।

* जौं

शिवजी की पूजा में अगर आप जौं का प्रयोग करते हैं तो आपके सभी पापों का अंत हो जाता है। साथ ही पितृगणों का आशीर्वाद भी मिलता है और घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।

* धतूरा

भगवान शिव की पूजा में आप धतूरा का भी प्रयोग कर सकते हैं। पुराणों में बताया गया है कि भगवान शिव हमेशा धतूरे को आहार के रूप में प्रयोग करते हैं। समुद्र मंथन के दौरान जब भगवान शिव ने हलाहल विष का पी लिया था तब वह काफी व्याकुल हो गए थे। तब धतूरे ने ही उनकी व्याकुलता दूर की थी।

* चांदी या तांबे के त्रिशूल

महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ की पूजा में आप चांदी या तांबे के त्रिशूल और नाग का प्रयोग कर सकते हैं। नाग भगवान शिव के गले में हमेशा रहता है। पूजा के त्रिशुल और नाग को घर में स्थापना करें। इससे घर पर किसी भी तरह का नकारात्मक प्रभाव नहीं रहेगा।