सावन का पवित्र महीना 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। सनातन धर्म में यह पूरा महीना भगवान शिव की आराधना, जप-तप और पूजा-अर्चना के लिए बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दौरान श्रद्धापूर्वक शिवलिंग पर जल अर्पित करने और बेलपत्र चढ़ाने से भोलेनाथ शीघ्र प्रसन्न होते हैं तथा भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। बेलपत्र भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना गया है, इसलिए सावन की पूजा में इसका विशेष महत्व है। हालांकि धार्मिक ग्रंथों और मान्यताओं के अनुसार बेलपत्र तोड़ने और चढ़ाने के भी कुछ नियम बताए गए हैं। यदि इन नियमों की अनदेखी की जाए तो पूजा का पूर्ण फल नहीं मिलता और अनजाने में धार्मिक दोष भी लग सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि बेलपत्र कब नहीं तोड़ना चाहिए और शिवलिंग पर इसे अर्पित करने का सही तरीका क्या है।
इन दिनों और तिथियों पर भूलकर भी न तोड़ें बेलपत्र
सोमवार के दिनसोमवार भगवान शिव का सबसे प्रिय वार माना जाता है और इस दिन उनकी विशेष पूजा की जाती है। लेकिन धार्मिक मान्यता के अनुसार सोमवार को बेलपत्र तोड़ना उचित नहीं माना जाता। यदि सोमवार को शिव पूजा के लिए बेलपत्र चाहिए तो उन्हें एक दिन पहले यानी रविवार को ही तोड़कर सुरक्षित रख लेना चाहिए।
कुछ विशेष तिथियों में भी है मनाहीधार्मिक मान्यताओं के अनुसार चतुर्थी, अष्टमी, नवमी, चतुर्दशी और अमावस्या के दिन भी बेलपत्र नहीं तोड़ना चाहिए। इन तिथियों पर बेलपत्र तोड़ना वर्जित माना गया है।
संक्रांति के दिन भी न करें यह कार्यसंक्रांति का दिन भी बेलपत्र तोड़ने के लिए शुभ नहीं माना जाता। इसलिए इस दिन बेल के पेड़ से पत्तियां तोड़ने से बचना चाहिए।
सूर्यास्त के बाद रखें विशेष सावधानीशाम होने के बाद और विशेष रूप से सूर्यास्त के बाद बेलपत्र नहीं तोड़ना चाहिए। धार्मिक मान्यता यह भी कहती है कि इस समय बेल के वृक्ष को अनावश्यक रूप से स्पर्श करने से भी बचना चाहिए।
बेलपत्र तोड़ते समय रखें इन बातों का विशेष ध्यानबेलपत्र तोड़ने से पहले भगवान शिव का स्मरण करें और बेल के वृक्ष को श्रद्धापूर्वक प्रणाम करें। इसके बाद ही आवश्यक संख्या में बेलपत्र तोड़ें।
ध्यान रखें कि बेलपत्र तोड़ते समय पेड़ की कोई शाखा या टहनी न टूटे। केवल पत्ते ही तोड़ने चाहिए। पूरी टहनी तोड़ना धार्मिक दृष्टि से अशुभ माना जाता है और इससे दोष लगने की मान्यता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बेल के वृक्ष को कभी भी काटना नहीं चाहिए। ऐसा करना शुभ नहीं माना जाता और इससे जीवन में विभिन्न प्रकार की परेशानियां आने की आशंका बताई गई है।
भगवान शिव की पूजा में हमेशा तीन पत्तियों वाला बेलपत्र सबसे उत्तम माना जाता है। यदि बेलपत्र कटा-फटा, छिद्रयुक्त या धारीदार हो तो उसे शिवलिंग पर अर्पित नहीं करना चाहिए।
शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने का सही तरीकाधार्मिक मान्यता के अनुसार बेलपत्र हमेशा उल्टा करके शिवलिंग पर चढ़ाना चाहिए। यानी बेलपत्र का चिकना हिस्सा शिवलिंग की ओर होना चाहिए। ऐसा करना शुभ माना जाता है और पूजा का पूर्ण फल प्राप्त होता है।
शिव पूजा में सामान्य रूप से 3, 5, 7 या 11 बेलपत्र अर्पित करना शुभ माना जाता है। हालांकि श्रद्धा के अनुसार इससे अधिक बेलपत्र भी चढ़ाए जा सकते हैं। यदि आपके पास बेलपत्र कम हों तो चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। एक ही बेलपत्र को स्वच्छ जल से धोकर दोबारा भी भगवान शिव को अर्पित किया जा सकता है। धार्मिक मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा और नियमपूर्वक की गई पूजा से भोलेनाथ शीघ्र प्रसन्न होकर अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं।