
बनाड़ थाना इलाके की ज्वैलर की दुकान में रात सवा दो बजे चार चोरों ने दुकान का शटर लगिए से ऊंचा कर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोरों ने दुकान में रखी सवा किलो चांदी व 30 ग्राम सोना चुरा लिया। चोरी के इरादे से आए चारों में दो दुकान के भीतर घुसे वहीं दो चोर बाहर खड़े निगरानी रख रहे थे। ये पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। सूचना पर पहुंची बनाड़ पुलिस ने मौका मुआयना किया। बनाड़ निवासी सुरेंद्र पुत्र धनराज सोनी की ओर से रिपोर्ट दी गई। बनाड़ थानाधिकारी अशोक आंजणा ने बताया कि भोपालगढ़ रोड पर आई महादेव ज्वैलर्स नाम की दुकान में रात सवा दो बजे सेंध लगाकर चोर वहां से सवा किलो चांदी एवं 30 ग्राम सोने के आभूषण चुरा ले गए। दुकान में लगा एक कैमरा व टीवी भी चोरों ने तोड़ डाली। पुलिस को संदेह है कि टीवी भी चुराने का इरादा था, लेकिन वो ले जाते वक्त हाथ से गिर जाने या दीवार से हटाते वक्त नीचे गिर जाने से टूट गई होगी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दो चोर दुकान के बाहर खड़े नजर आए, वहीं दो भीतर घुसे और जेवरात चुरा भागे।














