
जोधपुर से बालेसर ले जाकर मुजरिमों को कोर्ट में पेश करने के बाद वापस जोधपुर लौट रही पुलिस की मिनी बस को आगोलाई के समीप सामने से आ रही एक पिकअप ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों वाहनों में सवार नौ जने घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जोधपुर लाया गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह कुछ मुजरिमों को एक मिनी बस में बैठाकर बालेसर कोर्ट में पेश करने ले जाया गया। वापसी में आगोलाई के समीप सामने से तेज रफ्तार के साथ आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। तेज रफ्तार के कारण पिकअप चालक नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के साथ हुई इस टक्कर में पिकअप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मिनी बस का अगली हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ।
आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन मुजरिम सहित दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं पिकअप में सवार चार लोग भी घायल हुए। क्षेत्र के लोगों ने राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को दोनों वाहनों से बाहर निकाला और विभिन्न वाहनों के माध्यम से इलाज के लिए जोधपुर रवाना किया।














