
जिला पूर्व की डीएसटी टीम की सूचना पर बनाड़ व डांगियावास पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। डीएसटी टीम से सूचना मिली कि स्थानीय हथियार सप्लायर करवड़ थाना इलाके के नेतड़ा हाल मदेरणा कॉलोनी निवासी सुभाष पुत्र श्रीराम विश्नोई व बिलाड़ा के विष्णु की ढाणी निवासी संजय धायल पुत्र घेवरराम जोधपुर आए हुए हैं और अवैध हथियार बेचने की फिराक में हैं।
इस पर बनाड़ थानाधिकारी अशोक आंजणा ने डीएसटी टीम के सहयोग से स्थानीय हथियार सप्लायर संजय धायल को सारण नगर पुलिया के आगे एक अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी कार्रवाई में डांगियावास पुलिस ने बदमाश को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया।
डांगियावास थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि बदमाश सुभाष विश्नोई को 16 मील बस स्टैंड से दो अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। दोनों थानों की पुलिस अब बदमाशों से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ में जुटी है।














