महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में यवतमाल के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी एक चलती मिनी ट्रैवलर बस में अचानक आग लग गई। इस घटना में लगभग 10 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। आग लगते ही चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत रोका, जिससे सभी यात्रियों को समय रहते बाहर निकलने का मौका मिल गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सफर के दौरान अचानक भड़की आगजानकारी के मुताबिक, यह मिनी ट्रैवलर बस वर्धा से नांदेड की ओर जा रही थी। यवतमाल शहर के पास एयरपोर्ट क्षेत्र में पहुंचते ही वाहन में अचानक आग लग गई। कुछ ही क्षणों में आग तेजी से फैल गई और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है।
धू-धूकर जलती बस का वीडियो हुआ वायरलघटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि यात्री घबराकर बस से दूर भाग रहे हैं और एक-दूसरे को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं। मिनी ट्रैवलर बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है, और उससे उठता घना धुआं आसमान में फैलता दिख रहा है। यह दृश्य बेहद भयावह और दहला देने वाला था।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबूबस में करीब 10 यात्री सवार थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट होने की आशंकाप्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच जारी है।