गोंदिया में बोलेरो और ट्रक की भीषण टक्कर, 3 साल के बच्चे समेत 6 की मौत, 7 घायल

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 साल के बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई। गोंदिया-बालाघाट राज्य महामार्ग पर नागरा गांव के पास मजदूरों से भरी बोलेरो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के मलबे में फंस गए।

मजदूरी के लिए हैदराबाद जा रहे थे लोग

पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर और लांजी तहसील के अलग-अलग गांवों से मजदूर अपने परिवारों के साथ बोलेरो (MP-15 T 3495) से तेलंगाना के हैदराबाद जा रहे थे। उनका उद्देश्य वहां मजदूरी का काम करना था।

रात करीब 11:30 बजे बोलेरो गोंदिया शहर से लगभग 5 किलोमीटर दूर नागरा के पास पहुंची। इसी दौरान बालाघाट से गोंदिया की ओर आ रहे ट्रक (MH-35 AJ-2547) ने बोलेरो को सामने से टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार


दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कई लोग और शव वाहन के अंदर फंस गए थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

बचाव दल ने घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

हादसे को लेकर घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे, निवासी पिपलगांव खुर्द, किरनापुर, जिला बालाघाट के बयान के आधार पर गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मोहसिन खान की उम्र 32 वर्ष बताई गई है और वह गोंदिया का निवासी है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 281, 106(1), 125(a), 125(b) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध क्रमांक 527/2026 दर्ज किया है।

पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में मामले की आगे की जांच महिला सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नैताम कर रही हैं।