
कोई अपने परिवार से मिलने के लिए लंदन जा रहा था, तो कोई नई शुरुआत और उज्ज्वल भविष्य की योजना बनाकर रवाना हुआ था। पर नियति को कुछ और ही मंजूर था। नतीजा यह हुआ कि कुछ ही मिनटों में इन सुहाने सपनों की जगह भयावह और दर्दनाक हकीकत ने ले ली, और 250 से ज्यादा लोगों की जिंदगी एक ही झटके में खत्म हो गई। ऐसी ही एक बेहद मार्मिक कहानी है लंदन में रहने वाले अर्जुन पटोलिया की, जिनकी पत्नी का हाल ही में देहांत हुआ था, और अब वह इस विमान में सवार होकर भारत से वापस लंदन लौट रहे थे। घर पर उनके दो मासूम छोटे बच्चे बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को अहमदाबाद से ब्रिटेन के गैटविक एयरपोर्ट तक जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में पटोलिया भी सवार थे। वह लंदन के स्थायी निवासी थे और हाल ही में अपनी पत्नी भारती बेन की आकस्मिक मृत्यु के बाद उनकी अंतिम इच्छा पूरी करने गुजरात के अमरेली जिले आए थे। भारती बेन की अंतिम इच्छा थी कि उनकी अस्थियां उनके पैतृक गांव की पवित्र नदी में विसर्जित की जाएं।
अर्जुन ने इस पवित्र कर्तव्य को निभाते हुए अपने परिवार के साथ सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए। इसके बाद वह एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 से लंदन लौटने के लिए रवाना हुए। उनके घर पर उनकी दो नन्हीं बेटियां — जिनकी उम्र केवल 8 और 4 साल है — अपने पिता के लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रही थीं।
हादसे की जानकारीएयर इंडिया के आधिकारिक बयान के अनुसार, इस विमान में कुल 230 यात्री सवार थे, जिनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। इसके अतिरिक्त, फ्लाइट में दो अनुभवी पायलट और 10 क्रू सदस्य भी मौजूद थे। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान ने जैसे ही टेकऑफ किया, कुछ ही क्षणों में वह अचानक तेजी से नीचे गिरा और एक भयंकर हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 241 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे देशभर में शोक की लहर दौड़ गई।