हैदराबाद: पति से अफेयर का शक, पत्नी ने 5 लोगों को हायर कर महिला का कराया रेप, वीडियो भी बनाया

हैदराबाद से बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अफेयर के शक में पति की दोस्त का ही रेप करवा दिया। इतना ही नहीं महिला ने रेप का वीडियो भी बनाया। दरअसल, महिला को शक था कि उसके पति का उसके दोस्त के साथ अफेयर है।

यह मामला साइबराबाद के गच्चीबौली का है। यहां एक महिला ने दूसरी महिला का रेप कराने के लिए 5 लोगों को हायर किया, ताकि वह उस महिला का रेप करा सके, जिसे लेकर उसे अपने पति के साथ अफेयर का शक था।

पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी महिला गायत्री समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गायत्री के कोंडापुर में स्थित घर में ही 5 लोगों ने महिला के साथ रेप को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, गायत्री का पति श्रीकांत UPSC की तैयारी के दौरान कोचिंग में पीड़िता से मिला था। पीड़िता अक्सर गायत्री के घर उसके पति से मिलने आती थी। इसके बाद वह अक्टूबर 2021 से फरवरी 2022 तक गायत्री के साथ उसके घर पर ही रही। इसके बाद गायत्री को शक हो गया कि उसके पति का महिला के साथ अफेयर चल रहा है। काफी विवाद के बाद महिला ने गायत्री का घर छोड़ दिया।

रेप का वीडियो भी बनाया

आरोप है कि 26 मई को गायत्री ने पीड़िता को अपने घर बुलाया। घर पर पहले से ही गायत्री ने हायर किए गए लोगों को बुलाया हुआ था। इसके बाद सभी ने पीड़िता के साथ रेप किया। यह भी आरोप है कि इसका वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद पीड़िता को धमकी देकर छोड़ दिया गया कि अगर वह पुलिस के पास जाती है, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उधर, पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।