महाराष्‍ट्र में लगेगा सख्‍त लॉकडाउन, CM उद्धव की बैठक खत्म!

महाराष्‍ट्र में कोरोना वायरस महामारी का कहर हर दिन बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच, लॉकडाउन लगाने के फैसले को लेकर महाराष्‍ट्र सरकार ने रविवार को राज्‍य कोविड टास्क फोर्स के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे 8 दिन के लॉकडाउन के पक्ष में दिखे। जबकि टास्क फोर्स के कुछ सदस्यों का कहना है कि कोरोना की चेन को ब्रेक करने के लिए 14 दिनों के कड़े लॉकडाउन की जरूरत है। महाराष्ट्र में लॉकडाउन को लेकर एक से दो दिन में फैसला हो सकता है। इससे पहले, उद्धव ठाकरे ने शनिवार को सर्वदलीय बैठक में कोरोना की रोकथाम के उपायों पर चर्चा की। महाराष्ट्र सरकार हफ्ते के सातों दिन लॉकडाउन के पक्ष में है। राज्य में फिलहाल शनिवार और रविवार को लॉकडाउन लगाया गया है। राज्‍य भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने आज कहा, ‘सर्वदलीय बैठक में हालांकि लॉकडाउन पर कोई औपचारिक फैसला नहीं हुआ, लेकिन मुख्यमंत्री सख्त लॉकडाउन के पक्ष में लगते हैं।’ बैठक में दो घंटे से भी ज्यादा समय तक राज्य में कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा हुई।

डराने लगे हैं कोरोना के रोजाना के आंकड़े

आपको बता दे, महाराष्ट्र देश का ऐसा राज्य है जहां कोरोना के मामले सबसे ज्यादा है। शनिवार को राज्य में 55 हजार 411 नए मरीज मिले। 53,005 मरीज ठीक हुए और 309 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 33.43 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 27.48 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 57 हजार 638 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 5.36 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। इस समय राज्य में संक्रमणमुक्त होने की दर 82.18% है वहीं संक्रमण से मृत्यु दर 1.72% है। राज्य में एक दिन में 2,19,977 नमूनों की संक्रमण के लिए जांच की गई और अब तक कुल 2,18,51,235 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।