महाराष्ट्र में कोरोना ने मारी लंबी छलांग, 24 घंटे में 23 हजार से ज्यादा केस; 84 मरीजों की हुई मौत

देश में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में आज 23 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। महाराष्ट्र कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। कई जिलों में प्रतिबंध और नाइट कर्फ्यू की घोषणा के बावजूद महाराष्ट्र में कोरोना के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। राज्य में बीते हफ्ते कोविड स्थिति का आकलन करने केंद्र की टीम पहुंची थी। इस टीम से मिली जानकारी के आधार पर सचिव ने राज्य सरकार को पत्र लिखा था। केंद्र ने राज्य में सावधानियों में लापरवाही और कमजोर व्यवस्था को चिन्हित किया था।

महाराष्ट्र में आज 23,179 नए मरीज मिले वहीं, 9138 मरीज ठीक भी हुए। इसके साथ ही 84 मरीजों की मौत भी हुई। राज्य में 1.52 लाख एक्टिव मरीज है वहीं, 53080 मरीजों की मौत हो चुकी है।

कोरोना वायरस के तेज बढ़ते मामलों ने इस वक्त केंद्र और राज्य सरकारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महाराष्ट्र के अलावा अब उन राज्यों में भी तेजी के साथ नए मामले बढ़ रहे हैं जहां पर अभी तक कम मामले थे। इसी क्रम में पंजाब में बीते 24 घंटे के दौरान 2,013 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 1,274 लोग रिकवर हुए और 35 लोगों की महामारी की वजह से मौत हो गई है। पंजाब के अलावा गुजरात, कर्नाटक और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी नए मामलों की संख्या बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात से आज 1122 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। 775 लोग रिकवर हुए हैं और तीन लोगों की महामारी की वजह से मौत हुई है। गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट में नाइट कर्फ्यू 2 घंटों के लिए बढ़ाया गया है।

वहीं कर्नाटक 1275 नए मामले सामने आए हैं। रिकवर होने वालों की संख्या 479 है और 4 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 536 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 319 लोग रिकवर हुए। तीन लोगों की मौत हुई है। राजस्थान में 313 मरीज मिले वहीं 123 मरीज ठीक भी हुए।