महाराष्ट्र: ठाणे के अस्पताल में लगी आग, ICU के मरीजों को शिफ्ट करते समय 4 की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे स्थित मुंब्रा में प्राइम क्रिटिकेयर अस्पताल में आज बुधवार सुबह आग लग गई। यह आग सुबह 03:40 बजे लगी। हादसे में 4 मरीजों की मौत हो गई। जबकि 20 मरीजों को रेस्क्यू किया गया है। आग लगने के बाद आईसीयू में भर्ती 6 मरीजों को शिफ्ट किया जा रहा था, उसी दौरान इनमें से 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया। ठाणे नगर निगम की ओर से कहा गया है कि जब मरीजों को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा था, तभी 4 मरीजों की मौत हो गई। शुरुआती जांच के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। हालांकि इसकी असली वजह अभी पता नहीं चल सकी है। जांच के आदेश दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया गया है।

अस्पताल में कुल 20 बेड थे, जिनमें 14 मरीज सामान्य वार्ड में थे और अन्य छह ICU में थे। मृतकों की पहचान यास्मीन सैयद (46), नवाब शेख (47), हलीमा सलमानी (70) और हरीश सोनवणे (57) के रूप में हुई है।