महाराष्ट्र में बेलगाम कोरोना, एक दिन में मिले 60 हजार नए मरीज, 322 की हुई मौत

महाराष्ट्र में बुधवार को करीब 60 हजार नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक राज्य में बीते 24 घंटे में 59,907 मामले सामने आए। वहीं, 322 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही 30,296 लोग ठीक भी हुए। नए आंकड़ो के साथ राज्य में कोरोना के कुल मामले 31,73,261 हो गई है, वहीं मौतों का आंकड़ा 56,652 तक पहुंच गया है।

मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच नया संकट सामने आया है। यहां वैक्सीन लगभग खत्म हो चुकी है। मेयर किशोरी पेडणेकर ने कहा- मुंबई में वैक्सीन का स्टॉक लगभग खत्म होने की कगार पर है। हमने वैक्सीन की सभी डोज सारे सरकारी अस्पतालों को दे दी है। अब हमारे पास सिर्फ एक लाख कोवैक्सिन बची है। इस बारे में हमने स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे जी को भी जानकारी दी है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र को 1,06,19,190 वैक्सीन की सप्लाई की जा चुकी है। इसमें 90,53,523 लोगों को लगाई जा चुकी है, वहीं 7,43,280 वैक्सीन की सप्लाई अभी पाइपलाइन में है।